
भोपाल। शहर में द्वितीय “चार साहिबजादे” अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ विधायक रामेश्वर शर्मा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में वर्ल्ड पंजाबी ऑर्गेनाइजेशन के पदाधिकारी, आयोजकगण और सभी 16 टीमों के कप्तान मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पवित्र अरदास से हुई, जिसके बाद टीमों के कप्तानों ने अपनी-अपनी अकादमी के ध्वज के साथ मार्च किया। इस दौरान तिरंगे रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़े गए और आतिशबाजी के साथ टूर्नामेंट के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की गई।
इस टूर्नामेंट की खास बात यह है कि मध्यप्रदेश में पहली बार अंडर-14 स्तर पर डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें भोपाल संभाग सहित कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। आयोजन को आईपीएल की तर्ज पर भव्य रूप दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान गटका का प्रदर्शन और सांस्कृतिक संध्या भी आयोजित की गई, जिसमें कलाकार हरदीप सिंह और इंदौर के अन्य कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। उद्घाटन मुकाबला ऐस अकादमी और अभय गोस्वामी क्रिकेट अकादमी के बीच खेला जाएगा।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि चार साहिबजादों का बलिदान युवा पीढ़ी के लिए साहस, धर्मनिष्ठा और राष्ट्रसमर्पण की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को इतिहास और संस्कारों से जोड़ने का काम करते हैं। साथ ही उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।