भोपाल क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: 9.57 किलो गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। गृहमंत्रालय की गाइडलाइन के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में क्राइम ब्रांच भोपाल को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9.570 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 65 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रानी कमलापति स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 के पास हनुमान मंदिर के समीप एक युवक ट्रॉली बैग में गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आयुष शिवहरे (27) निवासी चिरगांव, जिला झांसी (उत्तर प्रदेश) बताया। तलाशी लेने पर उसके ट्रॉली बैग से खाकी टेप में लिपटे 10 पैकेट मिले, जिनमें कुल 9.570 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपी के पास से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उड़ीसा के रास्ते गांजा लाकर विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करता था और क्षेत्र में सक्रिय रहकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

भोपाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *