भोपाल। मातृ दिवस के अवसर पर संजोली समाज द्वारा संचालित सामाजिक एवं सांस्कृतिक वेलफेयर सोसाइटी ने अपने एनजीओ ‘संजोली’ की शुरुआत सेवा भारती, आनंद धाम में माताओं और वृद्धजनों का आशीर्वाद लेकर की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए समाज के प्रति सकारात्मक संदेश दिए। संजोली समाज के सदस्यों ने उनसे संवाद कर उनके अनुभवों से प्रेरणा ली।
संस्था की अध्यक्षा कृति चौरसिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में उपाध्यक्ष सोनिया बनारसी, सचिव प्रवाहिनी चौरसिया, सदस्य गीता चौरसिया, अंजली चौरसिया, पूजा चौरसिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘संजोली’ एनजीओ का उद्देश्य माताओं और वृद्धजनों के सम्मान को बढ़ावा देना, सामाजिक सहयोग को सशक्त करना तथा सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाना है। मातृ दिवस पर किया गया यह शुभारंभ समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।