भोपाल । थाना शाहजहाँनाबाद पुलिस ने वाहन चोरी की सिलसिलेवार वारदातों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपी सुनसान स्थानों पर वाहन छिपाकर उन्हें तोड़फोड़ कर बेचने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार ईदगाह हिल्स क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। मुखबिर की सूचना पर 15 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को संदिग्ध वाहन के साथ पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अरसान (21) निवासी शालीमार अपार्टमेंट, पीएनबी कॉलोनी, ईदगाह हिल्स बताया। उसके कब्जे से मिली एक्सिस स्कूटी थाना शाहजहाँनाबाद के अपराध क्रमांक 174/26 की चोरी की निकली, जिसे विधिवत जब्त किया गया।
आगे की पूछताछ में आरोपी ने क्षेत्र एवं अन्य स्थानों से दो और वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से कुल तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।