ओडिशा से लाकर भोपाल में करते थे सप्लाई, कॉलेज छात्रों और स्लम एरिया को बनाते थे निशाना
भोपाल। थाना अयोध्या नगर पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 युवतियों सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 6.285 किलोग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल सहित कुल करीब 2.70 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अरेड़ी रोड स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास कुछ लोग गांजा बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर 2 युवतियों और 1 युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से 6.285 किलोग्राम गांजा और जिक्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम विनय कुमार लोधी (रायसेन), अंकिता ठाकुर (रायसेन) और आरोही सिंह उर्फ सरिता चौहान (रीवा) बताए। तीनों आरोपी भोपाल में किराये से रहकर गांजा तस्करी कर रहे थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर भोपाल और रायसेन में सप्लाई करते थे। खासतौर पर कॉलेज के छात्र-छात्राओं और स्लम एरिया के मजदूर वर्ग को निशाना बनाकर छोटे पैडलर्स के माध्यम से गांजा बेचते थे।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे लग्जरी लाइफस्टाइल और जल्दी पैसा कमाने के लालच में इस अवैध कारोबार में शामिल हुए। युवतियां ओडिशा से गांजा लाने का काम करती थीं, जबकि भोपाल में नेटवर्क के जरिए इसकी सप्लाई की जाती थी।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।