तरुण खटीक हत्याकांड के विरोध में भोपाल में कैंडल मार्च, दोषियों को फांसी की मांग

भोपाल । दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन दलित समाज के 26 वर्षीय युवक तरुण खटीक की कथित तौर पर 40-50 लोगों द्वारा की गई निर्मम हत्या के विरोध में भोपाल में खटीक समाज और विभिन्न हिंदू संगठनों ने कैंडल मार्च निकालकर आक्रोश जताया। सोमवार को श्री कालका मंदिर कालीघाट परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी तथा कड़ी सजा की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह घटना केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि समाज में बढ़ते अपराध और सामाजिक असमानता की गंभीर चेतावनी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके।

इस दौरान भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता नेहा बग्गा ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि दलितों के नाम पर राजनीति करने वाले कई बड़े नेता इस मामले में मौन हैं, जबकि इस जघन्य घटना पर सभी को खुलकर बोलना चाहिए।

कार्यक्रम में खटीक समाज महासभा के अध्यक्ष सन्नी खटीक राजौरे, सचिव नितिन खटीक, श्री हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष विकास विरानी, भाजपा नेत्री नेहा बग्गा, बजरंग हमाल श्रमिक संघ के प्रदेश अध्यक्ष बालिस्ता रावत, जय मां भवानी संगठन के महंत अनिला नंद जी, भानु हिंदू ,भाजपा नेता विजय गुप्ता, विकास मिश्रा, छाया खटीक, शरण खटीक, रोहित खटीक, शुभम खटीक, सुमित सेजबार सहित बड़ी संख्या में खटीक समाज, साधु-संत और विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *