रंग पंचमी चल समारोह में शिव-पार्वती, भूत-प्रेत की झांकी और पेपर शॉट मशीन से गुलाल रहेगा आकर्षण

भोपाल। श्री हिंदू उत्सव समिति द्वारा आयोजित होने वाले रंग पंचमी चल समारोह को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। समिति के पदाधिकारियों ने पुलिस और नगर निगम अधिकारियों के साथ चल समारोह मार्ग का निरीक्षण किया।

समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, महामंत्री बालिस्ता रावत और चल समारोह संयोजक प्रकाश मालवीय ने अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।

चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि रंग पंचमी का चल समारोह इस वर्ष इंदौर की तर्ज पर अधिक आकर्षक और व्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से रंग, उत्साह और सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत संगम राजधानी की सड़कों पर देखने को मिलेगा। उन्होंने शहर के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

संयोजक प्रकाश मालवीय ने बताया कि चल समारोह में भगवा ध्वज, ऊंट-घोड़े, डीजे, ढोल-ताशे और बैंड शामिल रहेंगे। भगवान शिव-पार्वती के साथ होली खेलते तथा भूत-प्रेतों द्वारा मसान की होली की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा पेपर शॉट मशीन से गुलाल उड़ाया जाएगा।

चल समारोह में टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों की जीत को लेकर भी विशेष झांकी निकाली जाएगी, जो युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ाएगी।

मार्ग निरीक्षण के दौरान पुलिस प्रशासन, महेंद्र दवे, अनिल चौधरी, दिलीप गुप्ता, छोटेलाल गिरी, रामस्वरूप राजपूत, कैलाश सोनी, निलेश सिंह राजपूत, विनोद साहू, हरिशंकर विश्वकर्मा, ऋषभ विश्वकर्मा, रामजी पाठक, अर्जुन सिंह ठाकुर, निलेश नामदेव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *