भोपाल | राजधानी के अयोध्या नगर और बागसेवनिया क्षेत्र में महिलाओं के गले से चैन झपटकर दहशत फैलाने वाले शातिर गिरोह का अयोध्या नगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई 07 सोने की चैन, 01 चोरी की एक्टिवा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त किए गए मशरूका की कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने लूटा हुआ सोना खरीदने वाले एक ज्वेलर्स को भी सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया है।
एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 2 मार्च 2026 को मिनाल रेजिडेंसी में गोमती भकौरिया नामक महिला से दो बाइक सवार बदमाशों ने चैन लूटी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी जोन-2 विवेक सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों की मदद से भानपुर मल्टी के पास से निखिल शर्मा (28) और आकाश उर्फ अभिमन्यु सिंह (22) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी आकाश पूर्व में जोमेटो में डिलीवरी एजेंट का काम करता था। वह डिलीवरी के बहाने पॉश कॉलोनियों (मिनाल, बागसेवनिया) की रेकी करता था और सूने रास्तों पर अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था। दोनों आरोपी बीकॉम शिक्षित हैं और महंगे शौक व शराब की लत को पूरा करने के लिए वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपी भोपाल में अपनी लोकेशन बदल-बदल कर रहते थे ताकि पुलिस की पकड़ में न आ सकें। लुटेरों ने बताया कि वे लूटा हुआ सोना भोपाल और रीवा स्थित मुथूट गोल्ड फाइनेंस और स्थानीय ज्वेलर्स के पास रखते थे। पुलिस ने मिनाल निवासी ज्वेलर्स भुवन सोनी को भी गिरफ्तार किया है, जो आरोपियों से कम कीमत पर चोरी का सोना खरीदता था। आरोपियों पर पहले से ही लूट, आर्म्स एक्ट और चोरी के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।