भोपाल। राजधानी के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव और यौन शोषण के आरोपों से जुड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने अमरीन खान उर्फ माहिरा और उसकी बहन आफरीन समेत एक अन्य आरोपी चंदन यादव को गिरफ्तार किया है, जबकि बिलाल और यासिर नामक आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ की रहने वाली एक युवती, जो पेशे से ब्यूटीशियन है, ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी रूम पार्टनर अमरीन ने उसे परिचितों के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर ले जाकर नशीला पदार्थ पिलाया, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अगस्त 2025 से शुरू हुआ घटनाक्रम भोपाल और अहमदाबाद तक फैला।
पीड़िता का आरोप है कि गांधी नगर स्थित एक मकान पर बिलाल नामक व्यक्ति ने कथित रूप से चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसे अहमदाबाद ले जाकर यासिर नामक युवक से मिलवाया गया, जहां भी दुष्कर्म का आरोप है। चंदन यादव पर भी शारीरिक शोषण का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया और विरोध करने पर धमकियां दीं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे पब और लाउंज में ले जाया जाता था तथा अनजान लोगों से मेलजोल बढ़ाने के लिए मजबूर किया जाता था।
मामले में एक अन्य युवती ने भी समान प्रकृति की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या यह कोई संगठित गिरोह है। एडिशनल डीसीपी (जोन-2) गौतम सोलंकी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, नशीला पदार्थ देने, आपराधिक साजिश और धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।