कमला नगर में पुलिस कमिश्नर ने चौपाल लगाकर सुनीं समस्याएं, बच्चा चोरी की अफवाहों से बचने और साइबर सुरक्षा की दी सीख

भोपाल | राजधानी में अपराधों की रोकथाम और महिला-बाल सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने मंगलवार शाम थाना कमला नगर क्षेत्र का दौरा किया। थाना क्षेत्र के बापू नगर (बीट क्रमांक-2) में आयोजित एक विशेष जनसंवाद कार्यक्रम में सीपी ने स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए।

संवाद के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में फैल रही ‘बच्चा चोरी’ की खबरों को लेकर अपनी जिज्ञासा और डर जाहिर किया। इस पर पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि ये खबरें मात्र अफवाह हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ऐसी किसी भी भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और न ही इसे आगे बढ़ाएं। किसी भी संदेहास्पद स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचित करें।

कमिश्नर ने बढ़ते साइबर फ्रॉड के प्रति लोगों को सचेत करते हुए अनजान लिंक पर क्लिक न करने और ओटीपी साझा न करने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने उपस्थित सभी नागरिकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई।

जनसंवाद के उपरांत पुलिस आयुक्त ने कमला नगर थाने का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सहायक पुलिस आयुक्त और थाना प्रभारी को लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और महिला सुरक्षा हेतु गश्त बढ़ाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में एसीपी अंकिता खातनकर, थाना प्रभारी निरूपा पांडे सहित लगभग 100 स्थानीय महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *