भोपाल | राजधानी की कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त संजय कुमार लगातार शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार रात्रि उन्होंने कोतवाली रोड स्थित ‘नानी की हवेली’ पर नागरिकों और व्यापारियों के साथ ‘जनसंवाद’ किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय समस्याओं को सुना और मौके पर ही अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
संवाद के दौरान सबसे प्रमुख मुद्दा कोतवाली क्षेत्र का यातायात रहा। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़कों को सुगम बनाने के लिए दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटाना अनिवार्य है। उन्होंने बैटरी ऑटो के लिए कलर कोडिंग और टाइमिंग निर्धारित करने तथा मल्टीलेवल पार्किंग के प्रभावी उपयोग को लेकर नागरिकों से सुझाव लिए और पुलिस की योजना साझा की।
बढ़ते ऑनलाइन अपराधों को देखते हुए सीपी संजय कुमार ने साइबर फ्रॉड से बचाव के तरीके बताए। उन्होंने नागरिकों को साइबर हेल्पलाइन नंबर की उपयोगिता समझाते हुए किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल से सावधान रहने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने उपस्थित जनसमूह को यातायात नियमों के पालन की सामूहिक शपथ दिलाई।
जनसंवाद के दौरान पुलिस उपायुक्त मयूर खंडेलवाल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शालिनी दीक्षित, एसीपी कोतवाली चंद्रशेखर पांडेय और थाना प्रभारी काशीराम कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।