बीच सड़क कार की छत पर स्टंट करना पड़ा भारी; वीडियो वायरल होने के बाद चालक गिरफ्तार

भोपाल | राजधानी के पॉश इलाके चार इमली में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालकर चलती कार की छत पर स्टंट करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के 24 घंटे के भीतर यातायात पुलिस ने आरोपी को वाहन सहित तलाश कर वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना हबीबगंज के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार 19 फरवरी (गुरुवार) को आई-20 कार (MP 04 CV 3472) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में कार चालक चलती गाड़ी की छत पर खड़ा होकर स्टंट करता दिखाई दे रहा था। सार्वजनिक सड़क पर इस तरह की लापरवाही न केवल उसकी स्वयं की जान के लिए खतरा थी, बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

वीडियो संज्ञान में आते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर यातायात पुलिस सक्रिय हुई। थाना यातायात में पदस्थ सूबेदार जितेंद्र अटेरिया ने वाहन क्रमांक के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसका पता निकाला। शुक्रवार, 20 फरवरी को पुलिस टीम ने चालक को उसके निवास से गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली। आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना हबीबगंज में प्रस्तुत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *