भोपाल। थाना अयोध्यानगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों की शिकायत को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कॉलोनी की दो महिलाओं पर तलवार से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार श्रवण कांता स्टेट कॉलोनी के रहवासियों ने क्षेत्र में उत्पात मचा रहे आवारा कुत्तों को पकड़वाने के लिए नगर निगम में शिकायत की थी। 19 फरवरी की सुबह करीब 8:30 बजे इसी बात को लेकर अशोक सिंह चौहान अपने साथी के साथ कॉलोनी पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए वंदना सेन और लक्ष्मी ठाकुर पर तलवार से हमला कर फरार हो गया। हमले में दोनों महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश की स्थिति बन गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। डीसीपी जोन-2 विवेक सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर अशोक सिंह चौहान और नफीस अंसारी को अलग-अलग स्थानों से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। वारदात में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अशोक सिंह चौहान के विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट और धमकी जैसे मामलों में प्रकरण दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।