
भोपाल। सिख धर्म के शौर्य, त्याग और बलिदान की महान परंपरा को स्मरण करते हुए श्री गुरु तेग बहादुर जी एवं चार साहिबज़ादों की पावन शहादत को समर्पित ‘शौर्य और शहादत’ सद्भावना वाहन रैली का आयोजन 27 दिसंबर 2025 को सिख यूनिटी ग्रुप भोपाल के तत्वावधान में भव्य रूप से किया गया। यह रैली गुरुद्वारा गुरु नानकपुरा से प्रारंभ होकर दशहरा मैदान, बिट्टा मार्केट एवं प्रमुख मार्गों से होती हुई गुरुद्वारा टी.टी. नगर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
रैली को प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी एवं साहिबज़ादों का बलिदान केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है, जो हमें धर्म, मानवता और राष्ट्र की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की सीख देता है।
इस सद्भावना वाहन रैली में लगभग 150 वाहनों ने भाग लिया, जबकि 800 से 1000 की संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। रैली के दौरान शहर में अनुशासन, आपसी भाईचारे और सद्भावना का वातावरण देखने को मिला।
रैली के समापन स्थल गुरुद्वारा टी.टी. नगर में छोटे साहिबज़ादों सहित चारों साहिबज़ादों के जीवन, वीरता और बलिदान पर आधारित प्रेरणादायी फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही हिंदी कवि दरबार का आयोजन भी हुआ, जिसमें कवियों ने अपने ओजस्वी काव्य पाठ के माध्यम से शौर्य, शहादत और सामाजिक सद्भावना का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत गुरमत विचार, धार्मिक फिल्म, कीर्तन एवं गुरु का लंगर भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के आयोजक सिख यूनिटी ग्रुप के अमनदीप सिंह अरोड़ा ने बताया कि सिख समाज एवं पंजाबी संस्कृति से जुड़े ऐसे सामाजिक, सांस्कृतिक और प्रेरणादायक कार्यक्रम सिख यूनिटी ग्रुप द्वारा भोपाल में नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य समाज में सद्भाव, एकता और गुरु परंपरा के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाना है।
उन्होंने कहा कि ‘शौर्य और शहादत’ सद्भावना रैली केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि गुरु परंपरा के महान बलिदानों को स्मरण करते हुए समाज को एकता, साहस और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सिख समाज के गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।