निर्भया दिवस पर महिला सम्मान और सुरक्षा का सामूहिक संकल्प

नारी शक्ति समाज की धुरी, सुरक्षित पर्यटन और सशक्तिकरण के लिए साझा प्रयास जरूरी: अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला

निर्भया दिवस पर ‘सुरक्षा संकल्प, संवाद एवं सम्मान’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन

600 से अधिक युवतियों की सहभागिता, महिला सुरक्षा व सम्मान का लिया गया संकल्प

भोपाल। मध्य प्रदेश की संस्कृति में नारी को शक्ति का स्वरूप माना गया है। वह समाज की धुरी है, जो परिवार और समाज को संस्कार, आत्मबल और दिशा प्रदान करती है। प्रदेश में महिला सशक्तिकरण और सुरक्षित पर्यटन को और मजबूत बनाने के लिए सभी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सेवा प्रदाताओं को मिलकर कार्य करना होगा, ताकि प्रदेश में आने वाली पर्यटक महिलाएं और स्थानीय महिलाएं स्वयं को अधिक सुरक्षित, सम्मानित और सहज महसूस कर सकें। यह विचार अपर मुख्य सचिव गृह, पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व शिव शेखर शुक्ला ने अपैक्स भवन में आयोजित ‘सुरक्षा संकल्प, संवाद एवं सम्मान’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

निर्भया दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के रेस्पोंसिबल टूरिज्म मिशन, नारी सशक्तिकरण मिशन (मध्य प्रदेश), संगिनी संस्था, पुलिस विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 600 से अधिक युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और महिला सुरक्षा व सम्मान का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (महिला सुरक्षा) अनिल कुमार ने महिला सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पहलों की जानकारी देते हुए बताया कि निर्भया स्क्वाड, वन स्टॉप सेंटर, ऊर्जा डेस्क और डायल-112 जैसी सेवाएं महिलाओं की सहायता और सुरक्षा के लिए सतत कार्य कर रही हैं। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डॉ. मोनिका शुक्ला ने महिला सुरक्षा में समुदाय की भूमिका और पुलिस की संवेदनशील कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। वहीं पुलिस उपमहानिरीक्षक (सामुदायिक पुलिसिंग) विनीत कपूर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महिला सशक्तिकरण के प्रयासों और मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा किए जा रहे नवाचारों की जानकारी साझा की। साइबर सेल के अधीक्षक प्रेम नागवंशी ने युवतियों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने और डिजिटल सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया।

सचिव राज्य महिला आयोग सुरेश तोमर ने जेंडर संवेदीकरण पर जोर देते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक सोच और व्यवहार विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त संचालक नकवी जहां कुरैशी और पर्वतारोही ज्योति रात्रे ने युवतियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने के लिए प्रेरित किया। संगिनी संस्था की प्रमुख डॉ. प्रार्थना मिश्रा ने ‘महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना’ के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 50 से अधिक व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी कमला नगर निरूपा पांडे, थाना प्रभारी गोविंदपुरा अवधेश सिंह तोमर, ऊर्जा डेस्क से एएसआई सोनिया पटेल सहित कई पुलिस कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही सृजन एवं भोपाल टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर की बालिकाएं, सम्मान संस्था इंदौर के राजेंद्र बंधु, सामाजिक कार्यकर्ता मीता वाधवा, रक्षंदा जाहिद, नैनिका तथा होम-स्टे संचालक कीर्ति केवट को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में संघरत्ना एवं उनके दल द्वारा प्रस्तुत ‘शक्ति आराधना’ नृत्य नाटिका आकर्षण का केंद्र रही, जिसने नारी शक्ति का प्रभावी संदेश दिया। इसके अतिरिक्त, पुलिस विभाग द्वारा प्रशिक्षित बालिकाओं ने ‘पावर वॉक’ का सशक्त मंचन कर आत्मविश्वास और साहस का प्रदर्शन किया।

आयोजन स्थल पर पशुपालन विभाग, कौशल विभाग, पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, इम्पैक्ट फॉर न्यूट्रिशन, वार्ड संस्था सहित विभिन्न विभागों और स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा 20 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के संचालक डी.पी. सिंह ने सभी अतिथियों, सहभागियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *