70वां स्थापना दिवस “अभ्युदय मध्यप्रदेश” के रूप में मनेगा — राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी

2000 ड्रोन करेंगे ‘विरासत से विकास’ का चित्रण, 1 से 3 नवम्बर तक लाल परेड ग्राउंड में होगा भव्य आयोजन

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश का 70वां स्थापना दिवस समारोह “अभ्युदय मध्यप्रदेश” के रूप में अपार हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।

1 से 3 नवम्बर 2025 तक भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाला यह मुख्य समारोह प्रदेश की सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक यात्रा का उत्सव होगा। इस वर्ष का आयोजन “उद्योग एवं रोजगार वर्ष” की थीम पर केंद्रित है, जो राज्य के निरंतर विकास, सांस्कृतिक समृद्धि और जनभागीदारी की भावना को दर्शाता है। मुख्य समारोह में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कानून एवं न्याय अर्जुन राम मेघवाल मुख्य अतिथि होंगे।

संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि “अभ्युदय मध्यप्रदेश” केवल उत्सव नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रगति, परंपरा और परिश्रम की यात्रा का प्रतीक है। समारोह का शुभारंभ 2000 ड्रोन के भव्य शो से होगा, जो “विरासत से विकास” की थीम पर आकर्षक आकृतियाँ प्रदर्शित करेगा। इसके बाद 500 से अधिक कलाकारों द्वारा “विश्ववंद — श्रीकृष्ण की सांगीतिक यात्रा” की प्रस्तुति दी जाएगी। पहले दिन सुप्रसिद्ध पार्श्वगायक जुबिन नौटियाल एवं समूह, मुंबई द्वारा संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके साथ भव्य आतिशबाजी भी होगी।

2 नवम्बर को उज्जैन की संस्था विशाला सांस्कृतिक समिति द्वारा महानाट्य “सम्राट विक्रमादित्य” का मंचन होगा। इसके बाद प्रसिद्ध गायक हंसराज रघुवंशी अपनी प्रस्तुति देंगे। 3 नवम्बर को जनसामान्य की मांग पर “सम्राट विक्रमादित्य” का पुनः मंचन किया जाएगा। समारोह का समापन सुप्रसिद्ध गायिका स्नेहा शंकर के सुगम संगीत कार्यक्रम से होगा।

समारोह परिसर में “एक जिला–एक उत्पाद” शिल्प मेला, “स्वाद” देशज व्यंजन मेला और विविध प्रदर्शनियाँ लगेंगी। इनमें विकसित मध्यप्रदेश 2047, मध्यप्रदेश के गौरव, विक्रमादित्य और अयोध्या, मंदिर देवलोक और विरासत से विकास जैसे विषय शामिल हैं। साथ ही, 2 और 3 नवम्बर को दोपहर 3 बजे से जनजातीय एवं लोकनृत्य जैसे करमा, भगोरिया, बधाई, गणगौर, मोनिया आदि की प्रस्तुतियाँ भी होंगी।

राज्य मंत्री लोधी ने बताया कि यह आयोजन केवल भोपाल तक सीमित नहीं रहेगा। सभी जिलों में स्थापना दिवस समारोह स्थानीय कलाकारों, स्कूल-कॉलेजों एवं स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी से मनाया जाएगा। 30 एवं 31 अक्टूबर को सांस्कृतिक यात्राएं निकाली जाएंगी, जिनमें महानाट्य के पात्र और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।29 अक्टूबर को शिक्षण संस्थानों में युवा प्रतियोगिताएं होंगी।

राज्य मंत्री ने प्रदेशवासियों से इस भव्य आयोजन में सपरिवार शामिल होकर “अभ्युदय मध्यप्रदेश” के साक्षी बनने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *