भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित — हेमंत खंडेलवाल की टीम में ग्वालियर से तीन नेताओं को मिली जिम्मेदारी, डॉ. आशीष अग्रवाल फिर बने मीडिया प्रभारी

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की सहमति से मध्यप्रदेश भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नई कार्यकारिणी में संगठनात्मक संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए कुल 25 पदाधिकारी शामिल किए गए हैं।
ग्वालियर संभाग से तीन प्रमुख नेताओं को इस नई टीम में स्थान मिला है। डॉ. आशीष उषा अग्रवाल को पुनः प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि शैलेंद्र बरुआ को प्रदेश उपाध्यक्ष और लोकेन्द्र पाराशर को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। तीनों नेताओं की नियुक्ति को क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने गौरवपूर्ण क्षण बताया है।
घोषित कार्यकारिणी में कुल नौ उपाध्यक्ष, चार महामंत्री, नौ मंत्री, एक कोषाध्यक्ष, एक कार्यालय मंत्री और एक मीडिया प्रभारी शामिल हैं। साथ ही चार मोर्चों के अध्यक्षों के नाम भी घोषित किए गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की टीम में उपाध्यक्ष के रूप में रणवीर सिंह रावत, कांतदेव सिंह, प्रभुराम चौधरी, शैलेंद्र बरुआ, मनीषा सिंह, नंदिता पाठक, सुरेंद्र शर्मा, निशांत खरे और प्रभुदलाल जाटव को स्थान दिया गया है।
महामंत्री के रूप में लता वानखेड़े, सुमेर सोलंकी, राहुल कोठारी और गौरव रणदिवे को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रदेश मंत्री के रूप में रजनीश अग्रवाल, लोकेंद्र पाराशर, जयदीप पटेल, क्षितिज भट्ट, संगीता सोनी, राजेंद्र सिंह, अर्चना सिंह, राजौ मालवीय और बबीता परमार शामिल हैं।
कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी अखिलेश जैन को सौंपी गई है, जबकि कार्यालय मंत्री श्याम महाजन होंगे। मीडिया प्रभारी के रूप में डॉ. आशीष उषा अग्रवाल को दोबारा नियुक्त किया गया है।
नवगठित कार्यकारिणी को लेकर पार्टी में उत्साह का माहौल है। संगठन से जुड़े नेताओं का मानना है कि यह टीम आगामी निकाय और पंचायत चुनावों में संगठन को मजबूत दिशा प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *