भोपाल। नवरात्र महोत्सव के अवसर पर शौर्य आवासीय परिसर, पुलिस लाइन ईदगाह हिल्स में माँ दुर्गा की भव्य झांकी सजाई गई है। समिति द्वारा पिछले कई वर्षों से यहाँ परंपरागत रूप से देवी माँ की प्रतिमा विराजमान कराई जाती है। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार झांकी को विशेष आकर्षण और सुंदर सजावट के साथ तैयार किया गया है। परिसर में दीपों की रोशनी और रंग-बिरंगी झालरों से सजे मंडप में माँ दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। प्रतिदिन सुबह-शाम पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। नवरात्र के पावन अवसर पर महिलाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई है। श्रद्धालुओं ने माँ दुर्गा से सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए आशीर्वाद लिया। समिति ने बताया कि आने वाले दिनों में भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे पूरे परिसर में भक्ति और उत्सव का वातावरण और प्रगाढ़ होगा।