प्रधानमंत्री के जन्मदिन से गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा का आयोजन – रविन्द्र यति

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को भोपाल जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। भोपाल जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है। उनके जन्मदिन से लेकर 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश और जिला स्तर पर अलग-अलग प्रभारियों की टोली बनाई गई है। उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़ा के दौरान स्कूल, चिकित्सालय, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मंदिर, पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया जाएगा। जिलों और मंडलों में रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत सभी चिकित्सा केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में शिविर लगाए जाएंगे और दिव्यांगजनों को निशुल्क उपकरण वितरित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री जिला मुख्यालयों, कॉलेजों और सामुदायिक सभागारों में प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत विषय पर प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन होंगे। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए वोकल फॉर लोकल अभियान चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी पर आधारित चयनित पुस्तकों का वितरण होगा। सांसद खेलकूद प्रतियोगिताएं ग्राम से लेकर लोकसभा स्तर तक आयोजित की जाएंगी। जिला स्तर पर चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी और युवा मोर्चा मोदी विकास मैराथन का आयोजन करेगा। पार्टी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर जिले के प्रत्येक बूथ पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी और पौधारोपण किया जाएगा। वहीं 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर खादी वस्त्र संग्रहालय से स्वदेशी वस्तुओं की खरीददारी करने का आग्रह किया गया। उसी दिन पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भी पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। बैठक में नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, जगदीश यादव, राहुल राजपूत, राजकुमार विश्वकर्मा, अजय पाटीदार, डॉ. योगेंद्र मुखरैया सहित जिला पदाधिकारी, टोली संयोजक, मंडल अध्यक्ष, सभी टोलियों के सदस्य, मन की बात कार्यक्रम के मंडल प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष और प्रकोष्ठ संयोजक उपस्थित रहे। बैठक का आभार जिला मंत्री डॉ. अनिल पचौरी ने माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *