भोपाल। 90 दिवसीय जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन अवसर पर भोपाल नगर निगम को जल स्रोतों की सफाई एवं संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में महापौर मालती राय एवं जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जल स्रोतों के संरक्षण के लिए विभिन्न नवाचार हुए हैं। गुड़ी पड़वा से शुरू हुए इस अभियान में मनरेगा योजना के तहत खेत तालाब, अमृत सरोवर और कूप रिचार्ज पिट का निर्माण एवं जीर्णोद्धार किया गया। इस अभियान में 2 लाख 39 हजार जलदूतों का योगदान सराहनीय रहा, जिन्होंने जनभागीदारी से जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाया। जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति ने भोपाल नगर निगम को मिली इस उपलब्धि के लिए समस्त कार्यकर्ताओं एवं भोपालवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सामूहिक जागरूकता और सतत प्रयासों का परिणाम है। सभी को जल बचाने और भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल स्रोत सुनिश्चित करने का संकल्प लेना होगा। कार्यक्रम में संत दादा गुरुजी, मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, विजय शाह, तुलसीराम सिलावट, धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, अर्चना चिटनिस सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।