मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को बताया भारतीय संस्कृति का गौरव, छात्राओं से आत्मरक्षा प्रशिक्षण लेने की अपील
डीजीपी ने कहा – देवी अहिल्याबाई का जीवन नारीशक्ति के लिए प्रेरणा
भोपाल। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में शौर्य स्मारक से अहिल्या वाहिनी महिला बाइक रैली का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इसे नारी सशक्तिकरण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई, रानी दुर्गावती और लक्ष्मीबाई जैसी वीरांगनाएं भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान और शक्ति की प्रतीक रही हैं।
मुख्यमंत्री ने ‘माँ तुझे प्रणाम’ योजना के अंतर्गत महिला प्रतिभागियों की बस को भी रवाना किया। इस योजना के अंतर्गत ग्वालियर-चंबल संभाग की महिलाएं प्रदेश के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगी। मुख्यमंत्री के आगमन पर पुलिस बैंड द्वारा स्वागत किया गया और महिला पुलिस अधिकारियों ने उन्हें सलामी दी।
मुख्यमंत्री ने भारत माता की प्रतिमा और देवी अहिल्याबाई के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और महिला बाइकर्स का सम्मान करते हुए एक महिला चालक को प्रतीकस्वरूप हेलमेट भी भेंट किया। उन्होंने छात्राओं से सोशल मीडिया के भ्रम से बचने और आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षण लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को भोपाल में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल होंगे। यह आयोजन लोकमाता अहिल्याबाई की स्मृति को समर्पित है और राज्य सरकार “विरासत से विकास” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री कृष्णा गौर, सांसद वीडी शर्मा, महापौर मालती राय, विधायक भगवानदास सबनानी, अपर मुख्य सचिव गृह जे.एन. कंसोटिया, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, विशेष पुलिस महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महिला पुलिसकर्मी, छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने कहा कि देवी अहिल्याबाई का जीवन नारीशक्ति के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी सामाजिक न्याय और महिला उत्थान की नींव रखी।
कार्यक्रम में ‘सृजन’ योजना के अंतर्गत 500 बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। यह योजना बाल अधिकारों, आत्मरक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा और घरेलू हिंसा की रोकथाम पर जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। इस दौरान भोपाल की आरंभ, मुस्कान, उदय और मीत जैसी संस्थाएं भी सहभागी रहीं।कार्यक्रम में मध्यप्रदेश पुलिस ऑर्केस्ट्रा ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं, जो उपस्थितजनों को रोमांचित कर गईं।