प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर ऐतिहासिक आयोजन
भोपाल। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। इस ऐतिहासिक सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव की भी विशेष उपस्थिति रही।
महासम्मेलन में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेन्द्र शुक्ल, सांसद और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी. शर्मा, भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री चैतन्य कश्यप, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, लोक स्वास्थ्य मंत्री संपत्तियां उइके, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास राज्यमंत्री धर्मेन्द्र लोधी, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, पंचायती एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह, भोपाल सांसद आलोक शर्मा और भोपाल महापौर मालती राय सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
महासम्मेलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देना, उन्हें प्रेरित करना और उनके योगदान को सम्मानित करना रहा। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन सेवा, न्याय और समाज के उत्थान का प्रतीक है। उन्होंने महिलाओं के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।महासम्मेलन में सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रेरणादायक भाषण और महिलाओं की उपलब्धियों की झलकियां भी प्रस्तुत की गईं। आयोजन में भागीदारी करने वाली महिलाओं ने भी मंच साझा कर अपने अनुभव सुनाए और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।