भोपाल: “विकसित भारत @2047” के तहत संत हिरदाराम गर्ल्स साइंस कॉलेज में विरासत और स्वास्थ्य का उत्सव

भोपाल। भारत सरकार की पहल “विकसित भारत @2047” के अंतर्गत संत हिरदाराम गर्ल्स साइंस कॉलेज, भोपाल में 22 से 28 मई 2025 तक “विकास भी, विरासत भी” थीम पर एक सप्ताहव्यापी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति छात्राओं में जागरूकता उत्पन्न करना और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को बढ़ावा देना रहा।

इस अवसर पर कॉलेज की एनसीसी नेवल विंग और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कैडेट्स के लिए विरासत-प्रेरित स्वास्थ्य गतिविधियाँ आयोजित की गईं। प्रमुख गतिविधियों में पारंपरिक व्यायाम और भारतीय विरासत से प्रेरित योग सत्र शामिल थे, जिनके माध्यम से छात्राओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ भारत की प्राचीन स्वास्थ्य परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्य डॉ. डालीमा परवानी ने उपस्थित होकर सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और आयोजन समिति की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। आयोजन की समन्वयक डॉ. शांति शर्मा (सीटीओ एवं खेल अधिकारी) रहीं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार प्रकट करते हुए इस आयोजन को सफल बनाने में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। यह आयोजन कॉलेज की राष्ट्र निर्माण में मूल्य-आधारित शिक्षा, सांस्कृतिक चेतना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जो “विकसित भारत @2047” की दूरदृष्टि के अनुरूप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *