क्राइम न्यूज,भोपाल।
बैरागढ़ पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर हत्या के प्रयास के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को घटना में प्रयुक्त हथियार और ऑटो सहित पकड़ा है। 30 मार्च को बैरागढ़ रेलवे स्टेशन के सामने एक अज्ञात व्यक्ति ने कपिल मेघानी 32 वर्ष, निवासी शिवाजी वार्ड, गांधीनगर, भोपाल पर धारदार छुरी से हमला कर दिया और फरार हो गया था। कपिल के पेट, हाथ और नाक पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान कपिल ने पुलिस को बताया कि दुर्गेश नामक ऑटो चालक ने पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला किया था। कपिल की शिकायत के आधार पर बैरागढ़ पुलिस ने धारा 296, 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी दुर्गेश नाथ (27) निवासी धमर्रा, थाना गुनगा, तहसील बैरासिया, जिला भोपाल को उसके वर्तमान निवास जैन कॉलोनी, थाना निशातपुरा, भोपाल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार छुरी और ऑटो भी जब्त किया है।