भोपाल। सोमवार को ओम श्री कोलार समिति द्वारा प्रज्ञा विद्यालय ललिता नगर कोलार रोड भोपाल में बाल मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालक-बालिकाओं में उनके अधिकारों के प्रति सजगता लाना एवं उनके संरक्षण के लिए बनाए गए कानूनों और बाल आयोग की जानकारी उपलब्ध कराना था।कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र भारती द्वारा किया गया तथा अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष उमाकांत दीक्षित ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश बाल आयोग के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री) द्रिवेन्द्र मोरे उपस्थित रहे। उनका स्वागत प्रज्ञा विद्यालय के प्राचार्य एवं स्टाफ द्वारा किया गया। तत्पश्चात उन्होंने दीप प्रज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बच्चों द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करने के पश्चात उन्होंने पर्यावरण पर बच्चों के विचार भी सुने। बौद्धिक सत्र में उमाकांत दीक्षित ने अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्रों को मोबाइल के सीमित उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने ओम श्री कोलार समिति की यात्रा के विभिन्न पहलुओं को भी साझा किया। समिति समय-समय पर कोलार में गरीब एवं पिछड़े वर्ग के लिए निःशुल्क पुस्तक वितरण, स्वास्थ्य शिविर, गरीब कन्याओं का विवाह एवं धार्मिक आयोजन करती रही है।मुख्य अतिथि द्रिवेन्द्र मोरे ने शैक्षणिक क्षेत्र में मोबाइल के सकारात्मक उपयोग पर जोर दिया और अपने जीवन की कई प्रेरणादायक घटनाओं से बच्चों को अवगत कराया। इस अवसर पर प्रज्ञा विद्यालय की पूर्व छात्रा आयुषी सोनी का सम्मान भी किया गया तथा बाल समिति का गठन किया गया। एवं प्रतिभागियों को समिति द्वारा प्रदात प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के समापन पर स्कूल संचालक नरेंद्र राठौर ने आभार व्यक्त किया।