अनुसूचित जाति को सिर्फ भाजपा पर भरोसा : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह

भाजपा समाज को जोड़ने, कांग्रेस तोड़ने का काम करती है

बाबा साहब डॉ. अंबेडकर को चुनाव हराने का पाप कांग्रेस ने किया

5 फरवरी को सागर संभाग में संत रविदास महाकुंभ और 14 अप्रैल को ग्वालियर में होगा अंबेडकर महाकुंभ

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र और राज्य सरकार गरीब कल्याण की अनेक योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने काम कर रही है। भाजपा समाज को जोड़ने काम करती है तो वहीं कांग्रेस फूट डालो राज करो की नीति पर समाज को तोड़ने का काम करती है। हमारी सरकार ने अनुसूचित वर्ग के लिए कई ऐतिहासिक काम और योजनाएं संचालित की हैं। इन योजनाओं के माध्यम ये भाजपा ने अनुसूचित समाज को सक्षम बनाया है। जिन बाबा साहब अंबेडकर जी ने भारत में सामाजिक एकता के लिए संविधान जैसे पवित्र ग्रंथ की रचना की उन्हीं अंबेडकर जी को चुनाव हराने का पाप कांग्रेस ने किया। यह बात आज मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित अनुसूचित जाति मोर्चा के सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कही। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा, वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया, मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, प्रदेश सरकार के मंत्री जगदीश देवड़ा, प्रभुराम चौधरी, तुलसीराम सिलावट, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ कैलाश जाटव सहित अन्य मुख्य रूप से उपस्थित थे।

अनुसूचित जाति को सिर्फ भाजपा पर भरोसा : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा हमारी सरकार सबकी सरकार है। सामाजिक समरसता हमारा मूल मंत्र है। लेकिन जो सामाजिक रूप से पिछड़े हैं और जो गरीब हैं, उनकी सरकार पहले है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को भ्रम है कि अनुसूचित जाति समाज भाजपा के साथ नहीं है। सच्चाई यह है कि अनुसूचित जाति को आज भाजपा पर भरोसा है। हमारी सरकार ने अनुसूचित जाति समाज के लिए कई ऐतिहासिक काम किए हैं, कई योजनाएं संचालित की हैं। कांग्रेस पार्टी ने कई साल तक देश और प्रदेश में शासन किया, लेकिन उन्होंने उस पवित्र स्थान महू का भी कायाकल्प नहीं किया, जहां बाबा साहब अंबेडकर जी का जन्म हुआ। 1990 में पटवा जी की सरकार के समय महू स्थित जन्म स्थली को तीर्थ बनाने के लिए शिलान्यास किया, उसके बाद कांग्रेस की सरकार ने एक ईट नहीं लगाई। बाद में जब भाजपा की सरकार बनी तब हमने उस पवित्र स्थल को तीर्थ बनाया। कांग्रेस पार्टी ने कभी भी कबीर महाकुंभ, अंबेडकर महाकुंभ जैसे कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया। अब हमारी सरकार ने तय किया है कि प्रदेश की सभी 22 हजार 800 पंचायतों, 313 ब्लॉक और सभी जिलों में संत रविदास जी की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। संत रविदास जी की जयंती पर महाकुंभ का आयोजन सागर संभाग में होगा। वहीं 14 अप्रैल को अंबेडकर जी जयंती पर महाकुंभ को आयोजन ग्वालियर में किया जाएगा।

भाजपा द्वारा किए गए ऐतिहासिक कामों को समाज के बीच ले जाएं कार्यकर्ता : शर्मा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि यह सामान्य बात नहीं है कि भाजपा की सरकार और संगठन ने अनुसूचित वर्ग के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक काम किए हैं। यह अटूट सत्य है कि भारत की एकता और अखण्डता को बनाए रखने का काम डॉ बाबा साहब अंबेडकर ने किया। तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने जब धारा 370 का प्रावधान किया तो इसका विरोध डॉ अंबेडकर जी ने भी किया था। कांग्रेस ने इतने वर्षों तक शासन किया लेकिन उन्होंने बाबा साहब को वह सम्मान नहीं दिया जो उन्हें मिलना चाहिए था। वहीं दूसरी ओर हमारी सरकार ने बाबा साहब से जुड़े पंच तीर्थों को बनाया और उन्हें भारत रत्न दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही भ्रम फैलाकर, फूट डालो-राज करो की नीति पर काम करती है। वहीं हमारी भाजपा की सरकार ने गरीब कल्याण की योजनाओं के माध्यम से गरीबों के जीवन स्तर को बदलने का काम किया। इसलिए आज आवश्यकता है कि इन योजनाओं को समाज के बीच ले जाने का काम पार्टी कार्यकर्ता करें।

दलित समाज की हितैषी है भाजपा : आर्य

अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने इस अवसर पर कहा कि इस देश में दलित समाज की हितैषी कोई पार्टी है तो वह भाजपा है। दलित हितैषी कोई नेता हैं तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हैं।

कार्यक्रम को केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने जिस प्रकार समता की बात थी उसी प्रकार बाबा साहब ने संविधान के माध्यम से सामाजिक समरसता की बात की थी। कार्यक्रम का संचालन मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ कैलाश जाटव ने किया।इस अवसर पर मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, विधानसभा प्रभारी, जिला अध्यक्ष सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *