स्वामी विवेकानंद जयंती पर युवा मोर्चा ने प्रदेश में शुरू किया ‘खेलेगा मध्यप्रदेश’ अभियान

देश- प्रदेश को सशक्त, सक्षम बनाने के लिए काम करने का संकल्प लें युवाः विष्णुदत्त शर्मा

 भोपाल (सुखदेव सिंह अरोड़ा)स्वामी विवेकानंद जी ने भारत को विश्व गुरू बनाने के संकल्प के साथ देश के युवाओं का आह्वान कर कहा था कि ’उठो जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक मत रुको’। देश के युवाओं को सशक्त, सक्षम और अपने लक्ष्य के प्रति सदैव अडिग रहने का स्वामी जी का सपना अब साकार हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्वगुरु के स्थान पर देखने का उनका संकल्प भी पूरा हो रहा है। स्वामी विवेकानंद की जयंती के इस महत्वपूर्ण अवसर पर आज प्रदेश के युवा मिलकर यह संकल्प लें कि अपने देश और मध्यप्रदेश को हर क्षेत्र में सशक्त, सक्षम और समृद्ध बनाने के लक्ष्य के लिए काम करेंगे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को भोपाल में युवा मोर्चा द्वारा आयोजित मैराथन के शुभारंभ के अवसर पर कही। इसी के साथ पूरे प्रदेश में भाजपा युवा मोर्चा का ‘खेलेगा मध्यप्रदेश’ अभियान प्रारंभ हो गया।

प्रत्येक विधानसभा में पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन देगा युवा मोर्चा का अभियान

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज राष्ट्रीय युवा दिवस है और इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा मध्यप्रदेश ने खेलेगा मध्यप्रदेश अभियान शुरू किया है। इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों और सभी 1070 मंडलों में विभिन्न पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। आज इसी अभियान के तहत यंग इंडिया, रन मैराथन की शुरुआत हुई। प्रदेश के प्रत्येक मंडल में मैराथन के माध्यम से खेलेगा मध्यप्रदेश अभियान की शुरुआत हो रही है। सभी 1070 मंडलों में हमारे ’खिलते कमल’ नौजवान सम्मिलित हो रहे हैं। युवाओं को जोड़ने के इस अभियान के लिए युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री वैभव पंवार और उनकी पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं।

प्रदेश में एक साथ दौड़े 1 लाख से ज्यादा युवा, युवा मोर्चा का खेलेगा मप्र अभियान शुरू : पंवार

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार ने बताया कि युवा दिवस के अवसर पर 865 मंडलों पर मैराथन दौड़ आयोजित हुईं, जिसमें कुल 1 लाख 15 हजार 177 युवाओं ने सहभागिता की। सबसे ज्यादा सागर के 34 मंडलों में 9 हजार 800 युवाओं ने सहभागिता की। वहीं सतना के 28 मंडलों में 6 हजार युवाओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि युवाओं ने जिस तरह से मैराथन दौड़ में ऊर्जा और उत्साह का परिचय दिया है उससे स्पष्ट है कि युवा मोर्चा का खेलेगा मध्यप्रदेश अभियान सफल होगा। इस अभियान में खेलों से जुड़े प्रतिभावान युवा बढ़ चढ़कर सहभागिता करेंगे।

प्रदेश संगठन महामंत्री ने आष्टा में दिखाई मैराथन को हरी झंडी

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद गुरूवार को युवा मोर्चा द्वारा सीहोर जिले के आष्टा में आयोजित मिनी मैराथन दौड़ में मुख्य अथिति के रूप मे शामिल हुये। उन्होंने झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पार्टी के जिला अध्यक्ष रवि मालवीय, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर गोपाल सिंह, आष्टा विधायक रघुनाथ सिंह, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र पाटीदार एवं मण्डल अध्यक्ष अतुल शर्मा सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।भोपाल के कार्यक्रम में पार्टी के भोपाल जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रंजीत सिंह चौहान, प्रदेश मंत्री कुलदीप सिंह राठौर,प्रदेश मीडिया प्रभारी अंकित गर्ग, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अभिनव पाण्डेय,कार्यालय मंत्री विवेक शर्मा, सह कार्यालय मंत्री उमाशंकर राजपूत, प्रदेश आईटी सोशल मीडिया प्रभारी अंकित आर्य, शोभित शर्मा, जिला अध्यक्ष अजय पाटीदार,राजीव सिंह, सौरभ देव पाण्डेय,दिव्यऋषि तिवारी,अजय साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *