भोपाल। महिला आरक्षण के मुद्दे पर जागृत हिंदू मंच ने शीतलदास की बगिया में सद्बुद्धि यज्ञ आयोजित किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं मंच के संरक्षक डॉ. दुर्गेश केसवानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर सवाल उठाए।
केसवानी ने कहा कि राहुल गांधी के परिवार में सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी सांसद हैं। इस तरह परिवार के तीन प्रमुख राजनीतिक चेहरों में दो महिलाएं हैं, जो 67 प्रतिशत प्रतिनिधित्व है। वहीं, अखिलेश यादव के परिवार में उनकी पत्नी डिंपल यादव सांसद हैं। परिवार के दो प्रमुख राजनीतिक चेहरों में एक महिला होने से यह हिस्सेदारी 50 प्रतिशत है।
उन्होंने सवाल किया कि जब राजनीतिक परिवारों में महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिल रहा है, तो देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात पर विरोध क्यों किया जाता है? क्या सामान्य परिवारों की महिलाओं को भी राजनीति में आगे बढ़ने और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी का अधिकार नहीं मिलना चाहिए? उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव से इस सवाल का जवाब देने की मांग की।
केसवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण के लिए की गई पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला आरक्षण का उद्देश्य लोकतंत्र की निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है। ऐसे विषय पर राजनीति करने के बजाय सभी दलों को महिलाओं के अधिकारों का समर्थन करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि जागृत हिंदू मंच की ओर से आयोजित यज्ञ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को महिला आरक्षण के मुद्दे पर सकारात्मक सोच अपनाने की सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर मंच के संयोजक अधिवक्ता सुनील जैन, सहसंयोजक अनिल मोटवानी, शुभम पांडे, मनोज राय चंदानी, पंडित केपी मिश्रा, पंडित विपिन महाराज, रोहित कुशवाहा, सनी सनी, कृष्ण श्रीवास्तव, संदीप अहिरवार, अनिकेत कुमार, धीरज कुमार, यश कुमार और कृष्णा डांगी सहित मंच के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।