
भोपाल | भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ संस्थापक सदस्य एवं पूर्व राज्यसभा सांसद स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग की पुण्य स्मृति में आगामी शनिवार, 28 नवंबर 2026 को राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में एक भव्य ‘अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन’ का आयोजन किया जा रहा है। मातृछाया दशहरा उत्सव सांस्कृतिक आयोजन समिति के तत्वावधान में होने वाला यह साहित्यिक महाकुंभ शाम 7:00 बजे से 80 फीट रोड स्थित राजेश्वर सिंह परिहार मार्ग, न्यू अशोका गार्डन (परिहार चौराहा, चंद्रा स्वीट्स के पास) प्रारंभ होगा। इस गरिमामयी आयोजन में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
देश के नामचीन कवि और कवयित्रियां बिखेरेंगे काव्य के रंग:
कवि सम्मेलन के संयोजक एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष एडवोकेट दीपक ठाकुर ने बताया कि स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग को साहित्यिक श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से आयोजित इस सम्मेलन में देश-प्रदेश के प्रख्यात कवि और कवयित्रियां अपनी ओजस्वी, श्रृंगार और हास्य-व्यंग्य की रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। मंच पर देश की सुप्रसिद्ध कवयित्री अनामिका जैन ‘अंबर’, दिल्ली के मशहूर हास्य कवि प्रताप फौजदार, उन्नाव के ओजस्वी वीर रस कवि स्वयं श्रीवास्तव, मंदसौर के लोकप्रिय हास्य-व्यंग्य कवि मुन्ना बैटरी, बिहार के वीर रस कवि अपूर्व विक्रम शाह और बैतूल के सुमधुर गीतकार अनूप कुमार अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे। इस भव्य काव्य निशा का कुशल मंच संचालन भोपाल के प्रसिद्ध हास्य कवि धर्मेंद्र सोलंकी करेंगे।
साहित्यप्रेमियों और नागरिकों से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील:
आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं से जुड़े हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने बताया कि कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। श्रोताओं के बैठने व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोजन समिति ने भोपाल के समस्त साहित्यप्रेमियों, काव्य रसिकों और प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि वे सपरिवार और मित्रों सहित बड़ी संख्या में पधारकर इस ऐतिहासिक कवि सम्मेलन का आनंद लें।