एमपी नगर में 3.10 ग्राम एमडी के साथ युवक गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने दबोचा

उज्जैन से नशे की खेप लाने का खुलासा; मोबाइल की कॉल डिटेल और वॉट्सऐप चैट के आधार पर सप्लायर की तलाश

भोपाल। भोपाल क्राइम ब्रांच ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एमपी नगर जोन-1 से 3.10 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) के साथ 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी उज्जैन से एमडी लेकर भोपाल आया था और उसे बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। उसके मोबाइल की कॉल डिटेल और वॉट्सऐप चैट की जांच कर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एमपी नगर जोन-1 में एलआईसी कार्यालय के सामने स्थित शिव मंदिर के पीछे खाली मैदान में एक युवक मादक पदार्थ लेकर मौजूद है। सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोनिस कुरैशी (26), निवासी जिंसी चौराहा, जहांगीराबाद, भोपाल बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी की जींस की सामने की बाईं जेब से पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी में रखा सफेद क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला। जांच में इसका वजन 3.10 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, आरोपी के मोबाइल की जांच की जा रही है। कॉल डिटेल और वॉट्सऐप चैट के आधार पर एमडी की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *