वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे एमडी की डिलीवरी देने पहुंची कानपुर की महिला गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच ने निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास दबिश देकर पकड़ा, 4.66 ग्राम एमडी और मोबाइल जब्त; जब्त सामग्री की कीमत करीब 1.35 लाख रुपये

 भोपाल। भोपाल क्राइम ब्रांच ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एमडी की डिलीवरी देने पहुंची एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 4.66 ग्राम एमडी और मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त मशरूका की कीमत करीब 1.35 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर की रहने वाली है और फिलहाल भोपाल में रह रही थी।

क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास एक महिला एमडी लेकर खड़ी है और किसी ग्राहक को इसकी डिलीवरी देने वाली है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बताए गए हुलिए की महिला को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम साजिया आलम (33), मूल निवासी बेगमगंज चमनगंज, थाना आर्य नगर, कानपुर (उत्तर प्रदेश) और वर्तमान निवासी इंद्र विहार कॉलोनी, लालघाटी, भोपाल बताया।

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान महिला ने अपने गले में पड़े दुपट्टे की गांठ खोलकर उसमें रखी पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी निकाली। उसमें पीले रंग का पाउडरनुमा पदार्थ मिला, जिसे उसने एमडी बताया। तौल करने पर पदार्थ का वजन 4.66 ग्राम पाया गया। पुलिस ने एमडी के साथ मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी महिला के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब मादक पदार्थ की सप्लाई और तस्करी नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध शैलेन्द्र सिंह चौहान तथा सहायक पुलिस आयुक्त चंद्रभान सिंह चढ़ार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच अशोक मरावी और उनकी टीम ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *