रिजॉर्ट संचालक और मैनेजर को मुख्य आरोपी नहीं बनाने सहित कई लापरवाहियों के आरोप, 15 दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश
भोपाल। कस्तूरी गार्डन रिजॉर्ट में कैसिनो स्टाइल जुआ पकड़े जाने के मामले में पुलिस उपायुक्त (जोन-4) आदर्शकांत शुक्ला ने कटारा हिल्स थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कार्रवाई के पीछे जुआ प्रकरण में कानूनी प्रक्रिया के पालन और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में गंभीर लापरवाही के आरोप बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने रिजॉर्ट में दबिश देकर 16 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा था। आरोप है कि कार्रवाई के बावजूद रिजॉर्ट संचालक और मैनेजर को मुख्य आरोपी नहीं बनाया गया। एफआईआर दर्ज करने में देरी, सीमित जब्ती और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच किए बिना उन्हें छोड़ने को लेकर भी सवाल उठे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय कार्रवाई के साथ विस्तृत प्राथमिक जांच के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अधिकारी को 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप है।
