भोपाल। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के थाना बागसेवनिया, अशोका गार्डन, कोलार और खजूरी सड़क सहित एडिशनल डीसीपी ऑफिस जोन-3 को ISO-9001:2015 सर्टिफिकेट मिला है। 5 अक्टूबर को पुलिस कमिश्नर संजय कुमार, एडिशनल कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान और ISO टीम ने प्रमाणपत्र प्रदान किए। पुलिस कमिश्नरेट ने शहर के जर्जर थानों के जीर्णोद्धार को अभियान के रूप में लिया है। इन थानों में स्टाफ और आमजन के बैठने तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जबकि रिकॉर्ड भी अव्यवस्थित स्थिति में था। जीर्णोद्धार के दौरान पुराने रिकॉर्ड का निस्तारण व संधारण, आमजन के बैठने की व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और जनोन्मुखी सुविधाओं में सुधार किया गया। ISO टीम के मूल्यांकन में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों पर खरा उतरने के बाद इन्हें प्रमाणित किया गया। इससे पहले मिसरोद, रातीबड़ और महिला थाना ISO प्रमाणित हो चुके हैं। पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने प्रमाणित थानों के स्टाफ और अधिकारियों को बधाई देते हुए अन्य थानों को भी इसी श्रेणी में लाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेहतर व्यवस्थाओं से थानों में आने वाली जनता को सुविधाजनक और बेहतर सेवा मिल सकेगी। कार्यक्रम में डीसीपी विकास सहवाल, एडिशनल डीसीपी शालिनी दीक्षित, एडिशनल डीसीपी मिनी शुक्ला, एसीपी उमराव सिंह, एसीपी मनोज कुमार, ISO से योगेंद्र द्विवेदी और आरआई जयसिंह तोमर मौजूद रहे। थाना प्रभारी बागसेवनिया, कोलार, अशोका गार्डन, खजूरी सड़क एवं एमपी नगर सहित पुलिस स्टाफ, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।