85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को किया सम्मानित, किशोरी आयाम की प्रस्तुति ने मोहा मन
रतनपुर । सेवा भारती जिला भोजपुर द्वारा महर्षि विद्या मंदिर, रतनपुर में मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने ‘एक पेड़ भारत माता के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर की। समारोह में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 60 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सेवा भारती के राष्ट्रीय मंत्री रामेंद्र सिंह रहे, जबकि पूर्व मंत्री एवं भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा मुख्य अतिथि और मध्यप्रदेश इनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स के बिजनेस हेड अनिल खामेसरा अध्यक्ष रहे। राष्ट्रीय सेवा भारती के अखिल भारतीय छात्रावास टोली सदस्य अनुज कांत उदैनिया भी मौजूद रहे। सेवा भारती के किशोरी आयाम की प्रस्तुति ने अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया। रामेंद्र सिंह ने किशोरी आयाम के कार्यों की सराहना करते हुए आगामी गतिविधियों के लिए मार्गदर्शन दिया और देशभर में संचालित सेवा कार्यों की जानकारी साझा की।
सेवा भारती जिला भोजपुर का वार्षिक वृत्त जिला सचिव एवं मध्य भारत प्रांत युवा आयाम संयोजक संकल्प दीक्षित ने प्रस्तुत किया। इसके बाद सुरेंद्र पटवा ने सेवा भारती के कार्यों की सराहना करते हुए समाज के अन्य लोगों से भी सेवा गतिविधियों से प्रेरणा लेकर समाजहित में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सेवा भारती, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से जुड़े पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए सेवा भारती के सेवा कार्यों से समाज के अधिक से अधिक वर्ग को जोड़ने और जनसहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया।