भोपाल में पहली बार गंगा आरती की तर्ज पर हुई आरती, 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी
भोपाल। वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी की छठी पुण्यतिथि पर 24 अगस्त को शीतल दास की बगिया में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। झूलेलाल की फौज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में दादा निर्मल कुमार केसवानी को पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण काशी विश्वनाथ से आए पंडितों द्वारा शीतल दास की बगिया में गंगा आरती की तर्ज पर की गई आरती रही। आयोजकों के अनुसार भोपाल में इस तरह का यह पहला आयोजन था। आरती के दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव में डूबे नजर आए।श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री लखन पटेल, भाजपा सह-मीडिया प्रभारी बृज गोपाल लोया, पवन दुबे सहित बड़ी संख्या में लोगों ने दादा निर्मल कुमार केसवानी को श्रद्धांजलि अर्पित की। परिजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उनके समाजसेवा के कार्यों को स्मरण करते हुए उनकी सेवा भावना और आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। शीतल दास की बगिया में आयोजित झूलेलाल चालिहा के समापन कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। पुण्यतिथि के अवसर पर 23 अगस्त को सिटी प्रेस क्लब द्वारा पर्यावरण मित्र सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें शहर के प्रमुख समाजसेवियों और पत्रकारों को सम्मानित किया गया। साथ ही स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी की स्मृति में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।इस अवसर पर सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी और नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी के सामाजिक योगदान और जनसेवा को याद किया गया। परिजनों एवं आयोजकों ने कहा कि उनके द्वारा समाज के लिए किए गए कार्य आने वाली पीढ़ियों को सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों के लिए प्रेरित करते रहेंगे। श्रद्धांजलि एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन श्री निर्मल वेलफेयर फाउंडेशन एवं जागृत हिन्दू मंच द्वारा किया गया।