भोपाल | स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, भोपाल परिसर और थाना बागसेवनिया पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में विश्वविद्यालय के आचार्य, कर्मचारी, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।
विश्वविद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली बागसेवनिया होते हुए बागमुगालिया क्षेत्र तक पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल विद्यार्थियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। रैली के माध्यम से नागरिकों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने की अपील की गई।
मदरसे के 100 से अधिक बच्चे भी तिरंगा लेकर पहुंचे थाने
रैली के दौरान क्षेत्र के मदरसे के 100 से अधिक बच्चे भी तिरंगा लेकर रैली के रूप में थाना बागसेवनिया पहुंचे। बच्चों के साथ उनके मौलवी भी मौजूद रहे। थाना परिसर पहुंचने पर बच्चों ने राष्ट्रगान का गायन किया। इसके बाद ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारों से थाना परिसर गूंज उठा। बड़ी संख्या में मदरसे के बच्चों की तिरंगा रैली में सहभागिता ने राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया। पुलिस की इस पहल और बच्चों की सहभागिता की स्थानीय लोगों ने सराहना की। इस अवसर पर थाना प्रभारी अमित सोनी और एएसआई सोनिया पटेल सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में पुलिस और विश्वविद्यालय की टीम ने सहयोग किया।
केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के परिसर निदेशक प्रो. हंसधर झा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति कर्तव्यबोध को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रभक्ति की भावना को अपने जीवन में अपनाने और समाज में एकता का संदेश देने का आह्वान किया।
रैली में सह-निदेशक गोविन्द पांडेय, वरिष्ठ आचार्य प्रो. सुबोध शर्मा, प्रो. भारत भूषण मिश्रा, प्रो. सनंदन कुमार त्रिपाठी, प्रो. पवन व्यास, प्रो. योगेश कुमार जैन, प्रो. कृपाशंकर शर्मा, प्रो. सोमनाथ साहू सहित विश्वविद्यालय के आचार्यगण, कार्यालयीन कर्मचारी और छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम के संयोजन में डॉ. राकेश कुमार वर्मा एवं डॉ. विवेक कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रैली ने क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत किया।