मानसून, मौसिकी और मोहब्बत के सुरों से सजी कराओके म्यूजिकल नाइट, कलाकारों ने दी किशोर कुमार को स्वरांजलि

भोपाल। गंधर्व कल्चर एंड इवेंट्स द्वारा अक्षदा सोशल वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से अध्ययन भवन, शिवाजी नगर में आयोजित मासिक संगीत श्रृंखला की तीसरी “कराओके म्यूजिकल नाइट” संगीत प्रेमियों के लिए यादगार संध्या बन गई। “मानसून, मौसिकी और मोहब्बत” थीम पर आधारित कार्यक्रम में शहर के शौकिया एवं उभरते कलाकारों ने महान पार्श्वगायक किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को स्वर्णिम संगीत युग की याद दिला दी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भरतनाट्यम नृत्यांगना एवं शिखर सम्मान अलंकृत डॉ. लता मुंशी मुख्य अतिथि रहीं, जबकि जनसंपर्क संचालनालय के निदेशक अशोक मनवानी और संस्कृति संचालनालय की सेवानिवृत्त उप संचालक वंदना पांडेय विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

संगीत संध्या में संजय पिल्लई, कैलाशी वट्टी, प्रदीप शुक्ला, हिमांशु सोनी, ज्योति अहिरवार, जगदीश रायकवार, स्वाति पिल्लई, राजीव श्रीवास्तव, आर.के. मंडलोई, शैलेष तिवारी, आलोक कुलश्रेष्ठ, मीता श्रीवास्तव, रीतेश पुरी, जितेंद्र बिजोरे, पी.के. शर्मा, दीपक चौधरी, दीपक पारे, शीतल सिंह, मीनाक्षी आर्य, मनोज शर्मा, सुखलाल संजुले और मनीष चौहान सहित अनेक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा। हर प्रस्तुति पर तालियों की गूंज सुनाई दी।

राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त उद्घोषक आशीष दवे ने प्रभावशाली मंच संचालन किया। आयोजकों ने बताया कि गंधर्व कल्चर एंड इवेंट्स का उद्देश्य उभरते और शौकिया गायकों को मंच उपलब्ध कराना तथा संगीत संस्कृति को निरंतर प्रोत्साहित करना है। संगीत, आत्मीयता और उम्दा प्रस्तुतियों से सजी यह संध्या भोपाल की सांस्कृतिक गतिविधियों में एक यादगार आयोजन बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *