नशे से दूरी 2.0 अभियान के तहत देर रात एक साथ कई ठिकानों पर दबिश, 7.5 किलो गांजा, चरस, हथियार, अवैध शराब और वन्य जीव अंग बरामद
भोपाल। राजधानी में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना तलैया पुलिस और पुलिस कमिश्नरेट की संयुक्त टीम ने रविवार और सोमवार की दरमियानी रात इतवारा एवं तिलक मार्केट क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया। नशे से दूरी 2.0 अभियान के तहत करीब 200 पुलिसकर्मियों, नारकोटिक्स स्निफर डॉग्स, डॉग कैचर, ड्रोन कैमरों, सीढ़ियों और कटर की मदद से की गई इस हाई-इंटेंसिटी कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 7 किलो 500 ग्राम गांजा, 90 ग्राम चरस, अवैध हथियार, अंग्रेजी शराब तथा बारहसिंगा का सींग सहित लगभग 3.5 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त जोन-3 आयुष गुप्ता तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शालिनी दीक्षित के नेतृत्व में एसीपी कोतवाली संतोष पटेल, एसीपी हनुमानगंज राकेश सिंह बघेल और एसीपी शाहजहानाबाद अनिल बाजपेयी के मार्गदर्शन में इस अभियान की विस्तृत रणनीति तैयार की गई। कार्रवाई से पहले प्रत्येक चिन्हित मकान और गली पर अलग-अलग कट-ऑफ पार्टी तैनात की गई, ताकि कोई भी आरोपी मौके से भाग न सके। इसके बाद गठित सर्चिंग पार्टियों ने एक साथ सभी चिन्हित ठिकानों पर तलाशी शुरू की। पूरे ऑपरेशन की निगरानी ड्रोन कैमरों और वीडियोग्राफी टीम द्वारा की गई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 7 किलो 500 ग्राम गांजा, 90 ग्राम चरस, नशे में उपयोग होने वाली सिलोचन ट्यूब, एक तलवार, पांच छुरियां, अवैध अंग्रेजी शराब तथा बारहसिंगा का सींग बरामद किया। जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के छह प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत भी अलग-अलग मामले दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में माधुरी संकत, उमेश मेशकर, सुनीता संकत, मुन्नी बाई कुचबंदिया, उत्तम कुचबंदिया और रामकली कुचबंदिया शामिल हैं। वहीं शिवानी संकत के विरुद्ध भी आर्म्स एक्ट एवं वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में से कई के विरुद्ध पूर्व से एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट तथा अन्य आपराधिक मामलों के प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस अब आरोपियों का रिमांड लेकर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस वृहद अभियान को सफल बनाने में थाना प्रभारी तलैया दीपक डहेरिया के साथ गौतमनगर, हनुमानगंज, टीला जमालपुरा, कोतवाली, कोहेफिजा, टीटी नगर और कमला नगर थाना प्रभारियों सहित विभिन्न थानों के पुलिस बल, कंट्रोल रूम एवं पुलिस कमिश्नरेट भोपाल की अन्य इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।