कमाली माता मंदिर की भूमि पर कॉम्प्लेक्स का विरोध, सांसद आलोक शर्मा बोले- आस्था से समझौता नहीं होगा

भोपाल। कमाली माता मंदिर की भूमि पर प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण के विरोध में भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को उन्होंने धर्मगुरुओं, संत-महात्माओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के समक्ष जनभावनाएं रखीं और मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार के व्यावसायिक निर्माण का विरोध किया।

सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि करीब 100 वर्ष पुराना कमाली माता मंदिर भोपाल की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। मंदिर की भूमि का व्यावसायिक उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से समझौता नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मंदिर की भूमि पर प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स अथवा अन्य किसी भी व्यावसायिक निर्माण की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए तथा मंदिर के मूल स्वरूप और पवित्रता को सुरक्षित रखा जाए।

बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं एवं सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने भी एक स्वर में कहा कि कमाली माता मंदिर जन-जन की आस्था का केंद्र है और इसकी भूमि का व्यावसायिक उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए मंदिर के संरक्षण और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

सांसद आलोक शर्मा ने विश्वास जताया कि प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उचित निर्णय लेगा और कमाली माता मंदिर की गरिमा एवं धार्मिक महत्व को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *