भोपाल। नामदेव समाज विकास परिषद, मध्य प्रदेश ने सामाजिक एकता, भाईचारे और मानव सेवा का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए करोंद और भानपुर क्षेत्र के समाजबंधुओं के बीच लंबे समय से चली आ रही दूरियों को संवाद और सद्भाव के माध्यम से समाप्त कर एक नई शुरुआत की है।
परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष राजेंद्र कुमार नामदेव (गाडरवारा) के विशेष प्रयासों और प्रांतीय कार्यकारिणी के सहयोग से समाज के विभिन्न संगठनों को एक सूत्र में जोड़ने का सफल प्रयास किया गया।
परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शिवरतन नामदेव ने बताया कि दोनों किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित रामकुमार नामदेव, निवासी पलोहा बड़ा (गाडरवारा), के उपचार के लिए समाज लगातार सहयोग कर रहा है। उनकी पत्नी रानी नामदेव ने किडनी दान करने का निर्णय लेकर त्याग और समर्पण की मिसाल पेश की है। उनका किडनी प्रत्यारोपण एम्स में आयुष्मान योजना के अंतर्गत प्रस्तावित है। ऑपरेशन के बाद भी लंबे समय तक उपचार और दवाइयों की आवश्यकता को देखते हुए समाज आर्थिक सहयोग प्रदान कर रहा है।
इसी क्रम में शिवनगर मंदिर समिति, भानपुर के अध्यक्ष भागीरथ नामदेव एवं समिति के सदस्यों ने ₹23,111 की आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं नामदेव मंदिर समिति, करोंद के अध्यक्ष भीकम सिंह नामदेव एवं समिति के सदस्यों ने ऑनलाइन माध्यम से ₹5,001 का सहयोग दिया।
इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष राजेंद्र कुमार नामदेव, कोषाध्यक्ष भीकम सिंह नामदेव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीवन नामदेव एवं वरिष्ठ संरक्षक अवध नारायण नामदेव ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता और जरूरत के समय एक-दूसरे के साथ खड़े होने की भावना में निहित है।
परिषद ने संत शिरोमणि नामदेव महाराज की भक्ति, प्रेम और मानव सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि समाज में जहां भी मतभेद या दूरियां हैं, उन्हें प्रेम, संवाद और सौहार्द के माध्यम से समाप्त कर सभी समाजबंधुओं को एकजुट किया जाएगा।
प्रांतीय मीडिया प्रभारी शिवरतन नामदेव ने कहा कि प्रांतीय अध्यक्ष राजेंद्र कुमार नामदेव के मार्गदर्शन में भोपाल सहित पूरे मध्यप्रदेश में समाज को एकजुट करने और मानव सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। एकजुट नामदेव समाज सामाजिक, धार्मिक और सेवा कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों का संबल बनता रहेगा।