40 पुलिस जवानों की कार्रवाई से अमन कॉलोनी में मचा हड़कंप, दो शातिर अपराधी दबोचे
भोपाल। फरार अपराधियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए निशातपुरा पुलिस ने एक बार फिर ईरानी डेरा अमन कॉलोनी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक पुलिस जवानों के साथ सर्चिंग अभियान चलाया। पुलिस की अचानक दबिश से पूरे डेरे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार्रवाई के दौरान ₹17 हजार के इनामी निगरानी बदमाश सहित दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त जोन-4 आदर्श कांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मलकीत सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त अक्षय चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मनोज पटवा, चौकी सब्जी मंडी प्रभारी अनिल यादव और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने अमन कॉलोनी स्थित ईरानी डेरे में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान जिला पन्ना के एक प्रकरण में वांछित संदेही रिजवान हुसैन तथा निशातपुरा थाना का निगरानी बदमाश सालिग उर्फ रेहान ईरानी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस के अनुसार सालिग उर्फ रेहान ईरानी के खिलाफ लूट, जालसाजी, मारपीट, चोरी और हत्या के प्रयास समेत 24 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले भोपाल सहित विभिन्न जिलों में दर्ज हैं। आरोपी पर बैतूल जिले के रानीपुर थाने के मामले में 10 हजार रुपये, रायसेन कोतवाली के मामले में 5 हजार रुपये और भोपाल के पिपलानी थाने के प्रकरण में 2 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था।
वहीं गिरफ्तार दूसरे आरोपी रिजवान हुसैन के खिलाफ भी चोरी, लूट, जालसाजी और मारपीट सहित 15 गंभीर आपराधिक मामले मध्यप्रदेश एवं अन्य राज्यों में दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से अन्य आपराधिक घटनाओं और गिरोह से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
निशातपुरा पुलिस का कहना है कि ईरानी डेरे में लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई का सकारात्मक असर देखने को मिला है। मोबाइल झपटमारी और संपत्ति संबंधी अपराधों में कमी आई है तथा अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।