
भोपाल। जय माँ भवानी हिंदू संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को भोपाल नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर अस्लम कुरैशी उर्फ अस्लम चमड़ा से जुड़े स्लॉटर हाउस को पुनः संचालित करने के किसी भी प्रस्ताव, अनुमति या प्रयास का विरोध दर्ज कराया।
संगठन ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि दिसंबर 2025 में भोपाल पुलिस मुख्यालय के समीप एक ट्रक से बड़ी मात्रा में गोवंशीय मांस बरामद होने के मामले के बाद संबंधित स्लॉटर हाउस के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। संगठन का कहना है कि उक्त प्रकरण के चलते संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई हुई थी।
ज्ञापन में कहा गया कि सार्वजनिक-निजी सहभागिता (पीपीपी) मॉडल के तहत संचालित इस स्लॉटर हाउस से जुड़े घटनाक्रमों ने न केवल नगर निगम की प्रतिष्ठा को प्रभावित किया, बल्कि प्रदेश की छवि को भी नुकसान पहुंचाया। संगठन ने इसे आस्था, गौसंरक्षण और जनभावनाओं से जुड़ा विषय बताते हुए पुनः संचालन की किसी भी अनुमति का विरोध किया।
संगठन ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि जनभावनाओं, सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए संबंधित स्लॉटर हाउस को दोबारा प्रारंभ करने की अनुमति नहीं दी जाए तथा यदि कोई आवेदन लंबित हो तो उसे निरस्त किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि जनभावनाओं की अनदेखी कर कोई निर्णय लिया जाता है तो प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन और जनआंदोलन किए जाएंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु हिंदू, महानगर जिला अध्यक्ष शुभम पांचाल, आदर्श इनवाते, सत्यम गौर सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।