‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के साथ स्वर्णकार समाज ने उठाई स्वर्ण कला बोर्ड के पुनर्गठन की मांग

भोपाल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश सर्व स्वर्णकार महासंगठन द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान संगठन ने मध्य प्रदेश स्वर्ण कला बोर्ड के पुनर्गठन एवं नए अध्यक्ष की नियुक्ति की मांग भी उठाई।

संगठन के संयोजक राजेश सोनी इंडस टाउन ने बताया कि बरेली स्थित गार्डन में मां के नाम एक पेड़ लगाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में स्वर्णकार समाज द्वारा विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में सर्व स्वर्णकार महासंगठन के राष्ट्रीय आजीवन सदस्य सुदामा प्रसाद सोनी ने वृक्षारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और समाज को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वर्णकार समाज प्रदेश सरकार से लंबे समय से स्वर्ण कला बोर्ड के पुनर्गठन की मांग कर रहा है।

उन्होंने बताया कि बोर्ड में नए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने के कारण विगत कई वर्षों से स्वर्णकार समाज से जुड़ी हितकारी गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। इसी के चलते विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित सभाओं और वृक्षारोपण कार्यक्रमों के माध्यम से समाज ने सरकार से बोर्ड का पुनर्गठन कर समाज हित में कार्य प्रारंभ करने की मांग दोहराई।

कार्यक्रम के दौरान समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *