7 माह से लापता नाबालिग बालिका को बैरागढ़ पुलिस ने सकुशल किया दस्तयाब

मुस्कान अभियान के तहत बड़ी सफलता, गुना से बरामद कर आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे “मुस्कान अभियान” के तहत थाना बैरागढ़ पुलिस ने सात माह से लापता नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस आयुक्त संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देशानुसार पुलिस उपायुक्त आदर्शकांत शुक्ला के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-04 मलकीत सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त बैरागढ़ आदित्य राज सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अशोक कुमार गौतम के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार 2 दिसंबर 2025 को फरियादिया सोनी नागले, निवासी बैरागढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। शिकायत पर थाना बैरागढ़ में अपराध क्रमांक 410/25 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर बालिका एवं आरोपी की तलाश शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार प्रयासों के आधार पर पुलिस टीम ने 4 जून 2026 को पुरानी छावनी, जिला गुना से नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया। बाद में बालिका को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।

मामले में आरोपी मोहन कुशवाह (22), निवासी अयोध्या नगर भोपाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *