
भोपाल | राजधानी के ईदगाह हिल्स स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु नानक टेकरी साहिब में बच्चों को धार्मिक शिक्षा, उच्च नैतिक मूल्यों और सिख विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से एक विशेष गुरमत शिक्षा कैंप का भव्य शुभारंभ सोमवार को हुआ। इस डे-बोर्डिंग कैंप में भोपाल सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों से आए लगभग 150 बच्चे प्रतिदिन हिस्सा ले रहे हैं।
कैंप के पहले दिन सुबह 7 बजे से ही गुरुद्वारा साहिब में नितनेम, शबद कीर्तन, अरदास और हुक्मनामा पढ़ने के साथ ही अध्यात्मिक माहौल में कैंप की शुरुआत हुई। इस मौके पर अमृतसर से विशेष रूप से आए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी SGPC के प्रचारक ज्ञानी बलदेव सिंघ जी, भाई संतोख सिंघ जी, भाई सुखविंदर सिंह जी एवं गतका कोच भाई गुरप्रीत सिंघ जी को कैंप फाइल सौंपकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी गुरुद्वारा नानकसर हमीदिया रोड के अध्यक्ष सरदार परमवीर सिंघ एवं महासचिव सरदार हरविंदर सिंघ जी की ओर से दिया गया।
1 जून से 7 जून तक चलने वाले इस वातानुकूलित एसी कैंप में बच्चे सिख मार्शल आर्ट ‘गतका’, गुरबाणी पाठ, कीर्तन और समृद्ध सिख इतिहास की ट्रेनिंग बेहद उत्साह के साथ ले रहे हैं। बाहर से आने वाले बच्चों की रिहाइश रुकने और खान-पान का पूरा इंतजाम गुरुद्वारा कमेटी द्वारा निशुल्क और सुव्यवस्थित तरीके से किया गया है।
कैंप का समापन आगामी 7 जून को गुरुद्वारा टेकरी साहिब में ही आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह के दौरान बच्चों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए उन्हें ट्रॉफी और विशेष इनाम राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारियों ने सभी सिख परिवारों से बच्चों को इस कैंप में भेजने की अपील की है।