भोपाल। हैदराबाद के विधायक टी. राजा सिंह के भोपाल आगमन एवं प्रस्तावित धर्मसभा को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित धमकीपूर्ण, आपत्तिजनक एवं भड़काऊ टिप्पणियों के मामले में तलैया थाना भोपाल में एफआईआर दर्ज की गई है।
जय मां भवानी हिंदू संगठन के सदस्य आदर्श इनवाते द्वारा की गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इंस्टाग्राम आईडी “adventure_with_araz” के संचालक अराज तथा “md_amir_khan_444” आईडी संचालक मोहम्मद आमिर खान द्वारा सोशल मीडिया पर ऐसी टिप्पणियां की गईं, जो धमकीपूर्ण, आपत्तिजनक एवं सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाली हैं।
शिकायत में कहा गया है कि किसी जनप्रतिनिधि, धार्मिक वक्ता अथवा नागरिक के विरुद्ध सार्वजनिक मंचों पर धमकी देना, अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना तथा समाज में भय और तनाव का वातावरण निर्मित करना गंभीर विषय है। ऐसे कृत्य सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था के लिए हानिकारक हैं और इनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई आवश्यक है।
जय मां भवानी हिंदू संगठन ने मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा मामले में त्वरित संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज किए जाने का स्वागत करते हुए अपेक्षा व्यक्त की है कि जांच निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से पूरी कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
संगठन ने कहा कि हिंदू समाज के सम्मान, राष्ट्र की एकता एवं कानून के शासन की रक्षा के लिए उसका प्रयास निरंतर जारी रहेगा तथा समाज में भय, अराजकता एवं वैमनस्य फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के लिए संगठन प्रतिबद्ध है।