बिलखिरिया पुलिस बनी मानवता की मिसाल, बेसहारा वृद्ध महिला को सुरक्षित पहुंचाया वृद्धाश्रम

भोपाल। भोपाल देहात पुलिस की संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली एक बार फिर सामने आई है। थाना बिलखिरिया पुलिस ने लावारिस हालत में मिली एक वृद्ध महिला की मदद करते हुए उन्हें सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया।

जानकारी के अनुसार 22 मई 2026 की रात्रि करीब 10 बजे थाना बिलखिरिया क्षेत्र अंतर्गत कान्हा सैया के पास एक वृद्ध महिला बेसहारा अवस्था में मिली थी। सूचना मिलते ही एफआरवी में तैनात प्रधान आरक्षक विनोद कुमार एवं महिला आरक्षक खुशबू पवार तत्काल मौके पर पहुंचे और महिला से पूछताछ की।

महिला ने अपना नाम बसंती अहीर, पति शिववचन अहीर, उम्र लगभग 60 वर्ष, निवासी ग्राम भंडारी, थाना नगरा जिला बलिया (उत्तर प्रदेश) बताया। पूछताछ के दौरान महिला मानसिक रूप से असहज प्रतीत हुईं तथा भोपाल पहुंचने के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकीं।

पुलिस टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला को तत्काल एफआरवी वाहन से 1250 अस्पताल पहुंचाकर उनका मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद उन्हें भोजन उपलब्ध कराया गया तथा रात्रि में सुरक्षित रूप से सखी सेंटर में ठहराया गया।

पुलिस द्वारा महिला के संबंध में थाना नगरा जिला बलिया (उत्तर प्रदेश) को सूचना भेज दी गई है। साथ ही महिला को सुरक्षित रूप से चार इमली स्थित बिल्हौर वृद्धाश्रम में रखवाया गया है।

भोपाल देहात पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आमजन की सुरक्षा, सहायता और सेवा के लिए पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *