गुम हुए मोबाइल वापस पाकर खिले फरियादियों के चेहरे: हनुमानगंज पुलिस ने देशभर से बरामद किए 50 स्मार्टफोन

भोपाल में गुम हुए मोबाइल फोन वापस मिलने पर फरियादियों के चेहरों पर खुशी लौट आई। थाना हनुमानगंज पुलिस ने साइबर पोर्टल CEIR की मदद से देश के विभिन्न हिस्सों से 50 गुमशुदा स्मार्टफोन बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है।

इस संबंध में पुलिस उपायुक्त जोन-3 आयुष गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते हुए बताया कि नगरीय पुलिस आयुक्त भोपाल संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों में प्रभावी नियंत्रण एवं शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दीपक नायक एवं सहायक पुलिस आयुक्त राकेश सिंह बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश सिंह भदौरिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। थाना क्षेत्र से विभिन्न तारीखों में मोबाइल गुम होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सभी मोबाइलों की जानकारी CEIR पोर्टल पर अपलोड कर तकनीकी सर्चिंग शुरू की।

तकनीकी जांच, सीडीआर एवं CAF रिपोर्ट के आधार पर पुलिस टीम ने देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों से 50 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल अब उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा रहे हैं।

मोबाइल वापस मिलने पर फरियादियों ने हनुमानगंज पुलिस का आभार व्यक्त किया। आमजन ने भी पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *