भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार: कोहेफिजा थाने का आरक्षक 50 हजार की रिश्वत लेते ट्रैप

भोपाल। राजधानी के कोहेफिजा थाने में पदस्थ एक आरक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़े जाने का मामला सामने आया है। एसीपी शाहजहानाबाद अनिल वाजपेयी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में आरक्षक यशपाल (यशराज) तोमर और एफआरवी के एक ड्राइवर को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला मकान मालिक और किराएदार के बीच चल रहे विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि आरक्षक द्वारा कार्रवाई के नाम पर किराएदार से रुपए मांगे जा रहे थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से की, जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ट्रैप की कार्रवाई की गई।

योजना के तहत टीम ने निगरानी करते हुए आरोपियों को रिश्वत की राशि लेते समय पकड़ लिया। मौके से ₹50,000 बरामद किए गए हैं।

इस घटना के बाद थाने की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठे हैं। सूत्रों के अनुसार, मामले में अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *