भोपाल। शहर में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हनुमानगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 37 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी के निर्देश पर चल रही कार्रवाई के क्रम में डीसीपी जोन-03 आयुष गुप्ता, अतिरिक्त डीसीपी शालिनी दीक्षित और एसीपी राकेश सिंह बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीसीपी आयुष गुप्ता ने बताया कि पुलिस को 10 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 स्थित किचन लांज के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थ के साथ मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदेही अखरार खान (50) निवासी बरखेड़ी जहांगीराबाद को पकड़कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन पाउडरनुमा एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी उक्त मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसके कब्जे से 37 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार चल रहा था। उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ मारपीट, जुआ और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में भी जांच कर रही है।